मासूमों की जिंदगी दांव पर: उफनती लूणी नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर सैकड़ों बच्चे
जालौर जिले के सांचौर क्षेत्र की ग्राम पंचायत होथीगांव स्थित हूदा की ढाणी के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर लूणी नदी पर अविलंब पक्की पुलिया निर्माण और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार ढाणी में करीब 500 से अधिक परिवार निवास करते हैं और प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चों को लकड़ी के जर्जर अस्थायी पुल के सहारे नदी पार करनी पड़ती है। लूणी नदी में जवाई, बांडी, सुकड़ी नदियों तथा नर्मदा नहर का ओवरफ्लो पानी आने से सालभर पानी का बहाव बना रहता है। ऐसे में पानी बढ़ने पर होथीगांव से संपर्क पूरी तरह कट जाता है और मात्र 4 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए 52 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रसव, गंभीर बीमारी और अन्य आपात स्थितियों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है तथा पूर्व में नदी पार करते समय कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मौका मुआयना और सर्वे के बावजूद अब तक पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र पुल निर्माण कर आमजन और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Sanchore, Jalor | Jul 28, 2026