बस्ती में सरयूपारीण ब्राह्मण महासभा का सम्मान समारोह, समाज उत्थान पर हुई चर्चा
बस्ती - मालवीय मार्ग स्थित सरयूपारीण ब्राह्मण महासभा परिसर में शनिवार को एक सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने समाज के उत्थान, युवा जागरूकता और संगठन विस्तार पर जोर दिया।
सर्वे भवन्तु सुखिनः ब्राह्मण का मूल विचार'
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. अशोक कुमार शुक्ल ने कहा कि ब्राह्मण समाज श्रेष्ठ मार्गदर्शक है। "सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे संतु निरामया - यानी सभी का कल्याण हो, सभी सुखी रहें, यह विचार एक ब्राह्मण के ही हो सकते हैं।"
संस्थापक राष्ट्रीय महामंत्री शम्भू नाथ मिश्र ने बताया कि संस्था गांव-गांव जाकर समाज को एकजुट करने, संस्कृति की रक्षा और युवाओं को उच्च शिक्षा व नशे से दूर रहने की प्रेरणा देने का काम कर रही है।
युवाओं की भागीदारी पर बल
राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं. सत्यनारायण शुक्ल ने कहा कि आज के परिदृश्य में जागरूक ब्राह्मण का कर्तव्य बढ़ गया है। युवाओं को शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग और राजनीति के उच्च पदों पर प्रतिनिधित्व करना चाहिए।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम पाण्डेय ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत को बड़ी चुनौती बताया। वहीं जिलाध्यक्ष नवीन दूबे ने संगठन में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने पर बल दिया।
1925 में हुई थी स्थापना
राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बस्ती में वर्तमान सरयूपारीण ब्राह्मण महासभा की स्थापना 1925 में हुई थी। 2002 में इसका पुनर्स्थापन और रजिस्ट्रेशन किया गया। उन्होंने कहा कि आज पुराने कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों का सम्मान किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पाण्डेय ने मंदिर निर्माण के साथ कांफ्रेंस हॉल, गरीब छात्रों के लिए छात्रावास और संस्कृत विद्यालय की योजना को मूर्त रूप देने की बात कही।
वरिष्ठ नेताओं ने की सराहना
कार्यक्रम के दूसरे चरण में आजीवन सदस्य, मार्गदर्शक और सहयोगी बंधुओं को अंगवस्त्र व भगवान परशुराम का चित्र देकर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ नेता गोपेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं को याद कर सम्मानित करना सराहनीय पहल है। भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश प्रसाद शुक्ल ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए संगठन जरूरी है और कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलना चाहिए।
पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल ने कहा कि संगठन की शक्ति ही कलियुग का आधार है। वरिष्ठ नेता विपिन कुमार शुक्ला ने कहा कि युवा और वरिष्ठ जनों का सामंजस्य ही किसी भी संगठन का मूलमंत्र है।
कार्यक्रम का संचालन युवा वक्ता अभिनव उपाध्याय ने किया। इस दौरान आलोक मिश्रा, केशव पाण्डेय, नरेंद्र बहादुर उपाध्याय, दिलीप पांडेय, दयाशंकर मिश्र समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Basti, Basti | Jun 14, 2026