➡️ ड्रैगन फ्रूट की खेती ने सफलता की नई इबारत
बीना के ग्राम मंडी बमोरा के प्रगतिशील किसान श्री वीरेंद्र रघुवंशी ड्रैगन फ्रूट की खेती से सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं।
विकासखंड बीना के ग्राम मंडी बमोरा के प्रगतिशील किसान श्री वीरेंद्र रघुवंशी (हल्के) ने परंपरागत खेती से आगे बढ़ते हुए आधुनिक एवं लाभकारी कृषि की दिशा में सराहनीय पहल की है। उन्होंने लगभग डेढ़ एकड़ भूमि में ड्रैगन फ्रूट की खेती प्रारंभ कर क्षेत्र के किसानों के लिए एक नई मिसाल प्रस्तुत की है।
यह खेती कृषि विभाग के मार्गदर्शन में की जा रही है। विकासखंड बीना के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री अवधेश राय के तकनीकी परामर्श एवं निरंतर सहयोग से खेत की तैयारी, पौधरोपण, ड्रिप सिंचाई, पोषण प्रबंधन तथा पौधों की देखभाल वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही है।
ड्रैगन फ्रूट एक उच्च मूल्य का फल है, जिसकी देश-विदेश के बाजारों में लगातार मांग बढ़ रही है। विशेषज्ञों के अनुसार एक एकड़ क्षेत्र से औसतन 8 से 12 टन तक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। बाजार भाव के अनुसार यह फसल किसानों को परंपरागत फसलों की तुलना में कहीं अधिक लाभ देने की क्षमता रखती है। यद्यपि इसकी प्रारंभिक लागत अपेक्षाकृत अधिक होती है, लेकिन एक बार बगीचा तैयार हो जाने पर कई वर्षों तक लगातार उत्पादन मिलता है, जिससे किसानों को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होता है।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री अवधेश राय ने बताया कि विकासखंड बीना में किसानों को समय-समय पर नई एवं लाभकारी फसलों, औषधीय पौधों तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कृषि विभाग किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं आवश्यक सलाह प्रदान कर रहा है, जिससे किसान खेती में नवाचार अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
श्री वीरेंद्र रघुवंशी (हल्के) की यह पहल दर्शाती है कि यदि किसान वैज्ञानिक सोच, आधुनिक तकनीक और कृषि विभाग के मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ें तो खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है। उनकी सफलता निश्चित रूप से विकासखंड बीना के अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगी।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Jul 6, 2026