हरदोई में 456 बूथों के बीएलओ और सुपरवाइजर को दिया गया प्रशिक्षण, 17 नवंबर से शुरू होगी मतदाता सूची पर दावे-आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया
हरदोई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय के आदेश तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव के निर्देश पर सोमवार को तहसील सदर सभागार में 156-हरदोई विधानसभा क्षेत्र के सभी 456 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गुलाब चन्द्र ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूरी गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2026 को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होने के साथ ही दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों पर आयोजित विशेष अभियान के दौरान बीएलओ की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के लिए भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार टेबल टॉक एक्सरसाइज कराई जाए तथा दो दिनों के भीतर सत्यापन का कार्य पूरा किया जाए।
एसडीएम ने सभी बीएलओ को प्रतिदिन बीएलओ ऐप पर लॉगिन करने, प्राप्त होने वाले फॉर्म-6, 7 एवं 8 की जांच करने और उन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित सूचियों को फॉर्म-9, 10 एवं 11 में तैयार कर उनकी प्रतियां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने स्तर से सत्यापन कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। वहीं, सभी सुपरवाइजरों से कहा गया कि वे संबंधित बीएलओ को मतदाता सूची की प्रतियां तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि निर्धारित समयसीमा में निर्वाचन संबंधी कार्य पूरे किए जा सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नायब तहसीलदार सदर ममता सिंह, प्रमेय कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी बावन राकेश कुमार सहित अन्य सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बड़ी संख्या में सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Nov 17, 2026