*धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह संपन्न*
-----
*जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ आयोजन*
---
*जनजातीय विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां*
इंदौर 15 नवम्बर 2026
जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन प्रशासकीय संकुल सभागृह के कक्ष क्रमांक-210 में किया गया। जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के पूर्व जनजातीय वर्ग के छात्र-छात्राओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक रैली निकाली गई। लोकधुनों पर उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए विद्यार्थियों के दल विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। समारोह में मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने परंपरागत वेशभूषा में शामिल विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया।
मंत्री श्री सिलावट ने अपने संबोधन में शासन द्वारा जनजातीय वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जनजातीय समाज के महान नायकों के संघर्ष, त्याग और योगदान का स्मरण करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के सामाजिक सुधार एवं जनजागरण के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं को समाजहित में अधूरे कार्यों को पूरा करने और जनजातीय गौरव एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त श्री नीरज पाराशर ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, योगदान एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। जनजातीय प्रकोष्ठ के संयोजक श्री रूप सिंह नागर ने जनजातीय समाज के विभिन्न क्रांतिकारियों एवं जननायकों के योगदान की जानकारी दी। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की संघर्ष यात्रा और समाज सुधार के लिए किए गए उनके कार्यों से उपस्थित विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
समारोह में विभिन्न छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक जनजातीय लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, सहायक आयुक्त श्री नीरज पाराशर, जनजातीय प्रकोष्ठ के संयोजक श्री रूप सिंह नागर, परियोजना अधिकारी श्री प्रमोद काशीकर, क्षेत्र संयोजक श्रीमती स्मिता भावसार, श्री राजेश सोनी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, छात्रावासों के अधीक्षक एवं अधीक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
#JansamparkMP
#indore
#इंदौर
CM Madhya Pradesh
Tulsi Silawat
Indore, Madhya Pradesh | Nov 15, 2026