पारिवारिक समारोह बना सामाजिक क्रांति का मंच
महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट ने दिलाई नशा मुक्ति, जल-पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की शपथ
आने वाली पीढिय़ों के उज्ज्वल व सुरक्षित भविष्य के लिए संकल्प लेकर कार्य करना जरूरी : रमेश सैनी
भिवानी, 27 जुलाई : सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी कार्यों में सदैव अग्रणी रहने वाले महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट ने एक बार फिर समाज को नई दिशा देने का सराहनीय प्रयास किया है। ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने हाल ही में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में पहुंचकर केवल खुशियां ही साझा नहीं कीं, बल्कि उस अवसर को एक सामाजिक चेतना और बदलाव के मंच में बदल दिया। यह जानकारी देते हुए ट्रस्ट के महासचिव विजय सिंहमार व उपाध्यक्ष रिंकू ख्यालीराम ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नागरिकों को नशा मुक्ति, जल एवं पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता अपनाने की संकल्पबद्ध शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पहुंचे महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने स्वयं सभी उपस्थित लोगों को इन तीनों महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में उतारने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि कोई भी पारिवारिक या सामाजिक आयोजन केवल खान-पान और उत्सव तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसे मौकों पर जब समाज के लोग एक साथ जुटते हैं, तो हमें अपनी आने वाली पीढिय़ों के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के लिए संकल्प भी लेने चाहिए। नशा आज हमारी युवा पीढ़ी को अंदर से खोखला कर रहा है, इसलिए हर परिवार का यह कर्तव्य है कि वे अपने घर और समाज को नशा मुक्त बनाएं। इसके साथ ही, जल है तो कल है और स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन का आधार है। हमें पानी की हर एक बूंद को बचाना होगा, अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे और अपने आसपास स्वच्छता को अपनाना होगा। इस दौरान सभी ने संकल्प लिया कि वे कभी भी किसी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों से जागरूक करेंगे। जल की बर्बादी को रोकेंगे तथा पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए पौधारोपण करेंगे। अपने घर, गली और मोहल्ले में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखकर एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग देंगे। इस अवसर पर प्रिंसिपल श्राीराम, चौथमल सैनी, शैतान सिंह, ताराचंद चंद, राजेश मीना, उषा, महावीर प्रसाद, मूलचंद सैनी, रामस्वरूप, बाबूल, जय सिंह, प्रभात सैनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Jul 29, 2026