सीएमएचओ डॉ शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
भीलवाड़ा में करीब 1000 पैकेट अवधिपार कुरकुरे-नमकीन नष्ट,
गुलाबपुरा में 400 लीटर एक्सपायरी खाद्य तेल और 30 किलो मिर्च पाउडर करवाया टीम ने नष्ट
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल,21 अक्टूबर। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट और अवधिपार सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में भीलवाड़ा शहर और गुलाबपुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की दो टीमों ने कार्रवाई करते हुए अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की।
100 फीट रोड स्थित प्रतिष्ठान पर कार्रवाई, 1000 पैकेट कुरकुरे-नमकीन नष्ट
भीलवाड़ा के 100 फीट रोड स्थित अरिहंत सेल्स एंड एंटरप्राइजेज पर कार्रवाई के दौरान लगभग 1000 पैकेट अवधिपार कुरकुरे एवं बालाजी नमकीन पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके साथ ही हरिहर एजेंसी से चायपत्ती के ब्रांड ताजमहल तथा गोपाल रतलामी नमकीन के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से नमूने संग्रहित किए।
इस कार्रवाई के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, अशोक कुमार यादव, विजय मेहता एवं संजय वर्मा मौजूद रहे।
गुलाबपुरा में 400 लीटर अवधिपार खाद्य तेल और 30 किलो मिर्च पाउडर करवाए नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने गुलाबपुरा में कार्रवाई करते हुए नायता किराणा स्टोर से 400 लीटर अवधिपार खाद्य तेल तथा 30 किलोग्राम मिलावटी मिर्च पाउडर नष्ट करवाया। इसके अतिरिक्त हल्दी एवं कृष्णा डेयरी घी के नमूने भी लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा एवं अंकित शर्मा मौजूद रहे।
अजमेर प्रयोगशाला में होगी नमूनों की जांच
विभाग की ओर से दोनों स्थानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला में भिजवाए जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से भी अपील की जाती है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण एवं समाप्ति तिथि अवश्य जांचें और संदिग्ध अथवा अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना के लिए जिला स्तरीय कंन्ट्रोल रूम पर 01482-232643 पर सूचना दे सकते है।