पूर्व सांसद की हत्या की नीयत से आया बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
तम्बौर (सीतापुर): तम्बौर पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या के इरादे से आए शातिर बदमाश शादाब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया।
जमीनी रंजिश में वारदात की थी फिराक
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त शादाब पुत्र जाफर (निवासी शेखन टोला, तम्बौर) पुरानी जमीनी रंजिश के चलते मंगलवार शाम पूर्व सांसद के आवास के बाहर तमंचा और चाकू लेकर हत्या के इरादे से घूम रहा था। पुलिस ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो वह चकमा देकर फरार हो गया था।
घेराबंदी पर पुलिस पर झोंका फायर
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह व क्षेत्राधिकारी लहरपुर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में तम्बौर थाना प्रभारी की टीम ने बुधवार को सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने ज्ञानेंद्र भट्टे के पास आम के बाग में बदमाश को घेर लिया। खुद को घिरा देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दो फायर झोंक दिए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया, जिसे दबोच लिया गया।
बरामदगी: पुलिस ने घायल बदमाश के पास से 01 तमंचा (312 बोर), 02 खोखा कारतूस, 02 मिस कारतूस और 01 चाकू बरामद किया है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।