नोहर में 20 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम-रावण युद्ध शोभायात्रा, महिलाओं के लिए विशेष इनामी कूपन
21 को श्रीराम राजतिलक समारोह में महिलाओं को मिलेगा आकषिर्त इनाम
नोहर तेज़। नोहर में श्रीरामलीला महोत्सव के तहत भव्य राम-रावण युद्ध एवं शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। श्रीराम नवयुवक विजय नाट्य परिषद, नोहर के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का भव्य मंचन, आकर्षक झांकियां, ऊंट दल, घुड़सवार, बैंड-बाजे और धार्मिक ध्वजों के साथ विशाल शोभायात्रा मुख्य आकर्षण रहेंगे।
20 अक्टूबर को निकलेगी शोभायात्रा
आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे शोभायात्रा परीक धर्मशाला से रवाना होगी। यात्रा नोहर नगर पालिका, भगत सिंह चौक, हवाई जहाज हवेली, गुरुद्वारा, शहीद हेमू कालानी चौक, पुष्करणा धर्मशाला, सिंधी बाजार, गांधी चौक, पीपल गट्टा, होलिका चौक, टेगौर चौक और बिहाणी चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्री बाल कृष्ण बिहानी स्टेडियम पहुंचेगी। यहां राम-रावण युद्ध का मंचन किया जाएगा।
धार्मिक झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में श्रीराम रथ, घोड़ियों पर सवार छत्रधारिणियां, बैंड-बाजे, ध्वज लेकर चलने वाली महिलाएं, श्रीराम एवं रावण की झांकियां, अंगद और रामदल की प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। इसके अलावा भव्य युद्ध दृश्य, सुसज्जित रथ और धार्मिक संगीत से शहर का माहौल भक्तिमय बनेगा। आयोजन में पानी की व्यवस्था तथा सामान रखने के लिए पिकअप वाहनों की व्यवस्था भी दर्शाई गई है।
महिलाओं के लिए विशेष इनामी कूपन
श्रीराम राजतिलक समारोह के अवसर पर 21 अक्टूबर को राम-रावण युद्ध की ध्वज यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं के लिए विशेष इनामी कूपन की व्यवस्था की गई है। आयोजकों की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इनाम में 10 पानी के कैंपर और चांदी का एक सिक्का रखा गया है। इनामों का चयनराजतलिक के समय रामलीला मंच से लाइव लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
नियमों के अनुसार, कूपन पाने वाली महिला की समारोह में उपस्थिति अनिवार्य होगी। प्रत्येक कूपन की एक प्रति आयोजकों के पास रहेगी और दूसरी संबंधित महिला को दी जाएगी। निर्धारित समय पर विजेता के उपस्थित नहीं होने की स्थिति में दूसरे कूपन को विजेता घोषित करने का नियम भी रखा गया है।
आयोजकों ने की अधिकाधिक भागीदारी की अपील
आयोजन समिति के अध्यक्ष चोथमल पारीक, सचिव बाल कृष्ण व्यास और कोषाध्यक्ष भुवनेश कंदोई सहित आयोजन से जुड़े लोगों ने शहरवासियों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और शहर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्साह को बढ़ावा देना है।