बूंदी जिला अस्पताल की बदहाली पर देर रात जनप्रतिनिधियों का निरीक्षण
टूटी मशीनें, दवाइयों की कमी और बदहाल व्यवस्थाएं देख भड़के टीकम जैन
बूंदी। कुछ दिनों पहले जिला अस्पताल में एक व्यापारी की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और कथित लापरवाही पर उठे सवालों के बीच रविवार देर रात वरिष्ठ पार्षद टीकम जैन अपनी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी सहित अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर उपचार व्यवस्था और मेडिकल उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर टीकम जैन ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों के पास बीपी जांचने के उपकरण तक सही हालत में नहीं हैं, जबकि ईसीजी मशीनों में भी गड़बड़ी की शिकायत सामने आई है।
टीकम जैन ने सवाल उठाया कि जब इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों को ही जरूरी और काम करने वाले उपकरण उपलब्ध नहीं होंगे, तो गंभीर हालत में आने वाले मरीजों का समय पर और बेहतर उपचार कैसे संभव होगा?
उन्होंने अस्पताल में जरूरी दवाइयों की उपलब्धता को लेकर भी जानकारी ली और व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत बताई। जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल प्रशासन से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए खराब उपकरणों को तत्काल दुरुस्त कराने और जरूरी दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
निरीक्षण के बाद एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा हो गया है—अगर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ही जरूरी उपकरण और दवाइयां पर्याप्त नहीं हैं, तो गंभीर मरीज आखिर भरोसा किस पर करें?
Ladpura, Kota | Oct 5, 2026