देहरा ।। News123 ।। बाल विकास परियोजना कार्यालय प्रागपुर ब सर्कल बाथू टिप्परी के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र गुलांगड़ा में मंगलवार को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रेखा कुमारी ने बताया कि प्री-स्कूल गतिविधियों के तहत बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आंखों और हाथों के बेहतर तालमेल, एकाग्रता तथा रचनात्मक क्षमता के विकास हेतु कई गतिविधियां करवाई गईं। कार्यकर्ता ने बताया कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनके सीखने की क्षमता को बढ़ाने में सहायक होती हैं। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर गतिविधियों का आनंद लिया।