जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सेंटर से बाइक चोरी, पीड़ित ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट
सिंगरौली वैढ़न जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न परिसर से एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित संजय कुमार साकेत, निवासी बलियरी (वैढ़न), ने कोतवाली वैढ़न में लिखित शिकायत देकर बाइक की बरामदगी एवं आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार संजय कुमार साकेत अपने जीजा को भोजन देने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक अस्पताल परिसर में खड़ी कर वार्ड में चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली, जहां उसे खड़ा किया था। चोरी हुई बाइक का पंजीयन क्रमांक UP64 SJ 7652 है।
संजय कुमार साकेत ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के बेहतर इलाज की उम्मीद से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीना रेहटा क्षेत्र से जिला चिकित्सालय बैढ़न आए थे, लेकिन अस्पताल परिसर से ही उनकी बाइक चोरी हो गई। उन्होंने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्किंग व्यवस्था अव्यवस्थित है, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है और सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद प्रभावी निगरानी नहीं हो पाती। परिसर में वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं, जिससे चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पीड़ित ने अस्पताल परिसर में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे चोरी, मारपीट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। उन्होंने हाल ही में पदभार ग्रहण करने वाले पुलिस अधीक्षक से भी बाइक की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय परिसर में इससे पहले भी मोबाइल और वाहन चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कर आरोपियों तक कब पहुंचती है।