बागेश्वर धाम की सनातन यात्रा में सेंध लगाने वाले 10 सदस्यीय 'बावरिया गिरोह' के 5 महिलाओं और 5 पुरुषों समेत 10 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा;42 लाख रुपये का माल बरामद।
पन्ना जिले की अमानगंज पुलिस ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 'हिंदू सनातन रथ यात्रा' के दौरान चोरी और चैन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय बावरिया गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। 12 अक्टूबर को जब यह रथ यात्रा पन्ना से अमानगंज पहुंची, तो स्टेडियम ग्राउंड और मुख्य मार्ग पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर गिरोह ने लोगों की जेबें काटने के साथ ही गले से सोने की चैन और मंगलसूत्र झपट लिए थे।
अमानगंज पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी मदद से आरोपियों का रूट मैप तैयार किया। इसके बाद मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में छापेमारी कर पुलिस ने राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले गिरोह के 10 सदस्यों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुनीता बावरिया (30 वर्ष, निवासी सीकर, राजस्थान), पुष्पा तोमर (34 वर्ष, निवासी अलवर, राजस्थान), सुनील बबली (25 वर्ष, निवासी भरतपुर, राजस्थान), नीरज श्रीवास्तव (42 वर्ष, निवासी फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश), आरती खटीक (30 वर्ष, निवासी कोटपूतली, राजस्थान), जोनी बावरिया (35 वर्ष, निवासी भिवानी, हरियाणा), पपीता बाई राजपूत (23 वर्ष, निवासी कोटपूतली, राजस्थान), मोनू सिंह (27 वर्ष, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा), लीला राम यादव (40 वर्ष, निवासी कोटपूतली, राजस्थान) और उर्मिला बावरिया (45 वर्ष, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा) शामिल हैं।
जांच में यह बात सामने आई कि यह गिरोह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से आगामी धार्मिक आयोजनों, मेलों और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों की जानकारी जुटाकर वहां पहुंचता था और योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 सोने की चैन, 1 पांचाल, 1 मंगलसूत्र, 2 लॉकेट, 5 चांदी की चूड़ियां, 1 चांदी का कड़ा, 29,780 रुपये नकद, 4 मोबाइल फोन और वारदात में उपयोग की गई ब्रेज़ा, स्विफ्ट तथा एक बिना नंबर की विक्टोरियस कार सहित कुल लगभग 42 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर सभी आरोपियों को आज शनिवार 17 अक्टूबर को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
Panna, Panna | Oct 17, 2026