श्री रमाकांत शर्मा, महानिरीक्षक, प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), भानु के मार्गदर्शन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर बीटीसी परेड ग्राउंड में 700 से अधिक हिमवीरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की केंद्रीय योग टीम के प्रशिक्षकों द्वारा योगा प्रोटोकॉल के अनुसार ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, घुटना संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशांकासन, उत्तान मंडूकासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान आदि योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा योग आयोग के तत्वावधान में सेक्टर-5, पंचकूला में आयोजित विशाल कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति रही। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के पदाधिकारियों के योगदान की विशेष सराहना की गई। इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न विभागों के गणमान्य अधिकारियों ने प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, भानु के पदाधिकारियों की अनुशासित सहभागिता, संयम तथा उत्साहपूर्वक योग क्रियाओं में निरंतर भागीदारी की प्रशंसा की।
इस अवसर पर श्री रमाकांत शर्मा, महानिरीक्षक ने कहा कि भारत के आध्यात्मिक केंद्रों ने जिस योग-ऊर्जा को सदियों से पोषित किया है, आज वही योग-ऊर्जा विश्व स्वास्थ्य को नई दिशा प्रदान कर रही है। योग वैश्विक सहयोग का एक सशक्त आधार बन रहा है तथा मानव मात्र को निरोग एवं स्वस्थ जीवन जीने का विश्वास दे रहा है। उनके द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र के सभी पदाधिकारियों एवं उनके परिवारजनों को शुभकामनाएँ दी गईं। उन्होंने कहा कि योग सभी के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह हमें शारीरिक रूप से फिट रखता है, तनाव को कम करने में सहायता करता है तथा समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। एक स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही व्यक्ति को अपने कार्यों पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित करने में सक्षम बनाते हैं। योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाना चाहिए।
#panchkulanews #InternationalYogaDay #panchkulasocialmedia #panchkula