हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 आईएएस-एचसीएस अधिकारियों के तबादले
चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईएएस और एचसीएस अधिकारियों के तबादले एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी आदेशों के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय जून को फरीदाबाद मंडल का आयुक्त तथा मेवात विकास एजेंसी, नूंह का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। रवि प्रकाश गुप्ता को गुरुग्राम मंडल का आयुक्त और राजीव रतन को करनाल मंडल का आयुक्त बनाया गया है। धीरेंद्र खटगड़ा को नगर निगम फरीदाबाद का आयुक्त एवं फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं सचिन गुप्ता को रोहतक का उपायुक्त बनाया गया है, जबकि अपराजिता को कैथल का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। सरकार ने सत्येंद्र दुहान को नगर निगम रोहतक का आयुक्त तथा जिला नगर आयुक्त रोहतक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। सलोनी शर्मा को अतिरिक्त प्रभार के रूप में करनाल का जिला नगर आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा समवर्तक सिंह खंगवाल को सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग का अतिरिक्त सचिव एवं निदेशक नियुक्त किया गया है। अभिनव सिवाच को बहादुरगढ़ का एसडीएम बनाया गया है। एचसीएस अधिकारियों में तरुण कुमार पवारिया को महेंद्रगढ़ में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी, सुशील कुमार-4 को यमुनानगर जिला परिषद का सीईओ एवं डीआरडीए का सीईओ तथा गौरव चौहान को पंचकूला का भूमि अर्जन अधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) नियुक्त किया गया है। सरकार ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि फरीदाबाद और रोहतक नगर निगम आयुक्त के पदों को आईएएस (वेतन) नियम, 2016 के तहत वरिष्ठ आईएएस स्केल के समकक्ष घोषित किया गया है।
Sirsa, Sirsa | Jul 3, 2026