बिलासपुर में एक दिन में 232 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार; पुराने केस में एक और गिरफ्तारी
बिलासपुर पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना घुमारवीं क्षेत्र में 2 अगस्त को दो अलग-अलग मामलों में करीब 232 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 1 अगस्त को दर्ज एक अन्य मामले की जांच के दौरान एक और आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है।
पहले मामले में बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड, मल्यावर के पास यातायात चेकिंग के दौरान एक बस में सवार रूबल पुत्र यूनस, निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब), उम्र 30 वर्ष के कब्जे से करीब 122 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर थाना घुमारवीं में अभियोग संख्या 150/2026 दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
दूसरे मामले में डिटेक्शन टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड, मन्दरीघाट के पास एक बस में सवार नीरज कुमार (30) तथा विकास (27), दोनों निवासी डैहर, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, के कब्जे से करीब 110 ग्राम चिट्टा बरामद किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना घुमारवीं में अभियोग संख्या 151/2026 दर्ज किया गया है।
इन दोनों मामलों में एक ही दिन में पुलिस ने करीब 232 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस दोनों मामलों में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इसी अभियान के तहत थाना घुमारवीं में 1 अगस्त 2026 को दर्ज अभियोग संख्या 149/2026 में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस मामले में पहले रामू पुत्र महगू, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), को 8.72 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन, मोबाइल डेटा तथा अन्य डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण से पता चला कि यह खेप आगे प्रतीक चौहान पुत्र मनमोहन सिंह, निवासी मर्सिंघी, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर को दी जानी थी, जो इसे स्थानीय स्तर पर बेचने की फिराक में था। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रतीक चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि प्रतीक चौहान के विरुद्ध पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य केवल मादक पदार्थ बरामद करना नहीं, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। इसी रणनीति के तहत बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।#Bilaspur #Ghumarwin #Chitta #Heroin #NDPSAct #BilaspurPolice #DrugFreeHimachal #CrimeNews #HimachalNews
Bilaspur Sadar, Bilaspur | Aug 3, 2026