बाजपुर न्यूज
बन्नाखेड़ा साहनी-संतोषपुर मार्ग पर गंदगी का अंबार, राहगीरों व ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
बाजपुर। क्षेत्र के बन्नाखेड़ा साहनी-संतोषपुर मार्ग पर इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सड़क किनारे और मार्ग पर फैले कूड़े-कचरे के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। जगह-जगह गंदगी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी रवि राणा ने बताया कि मार्ग पर लंबे समय से गंदगी जमा है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सफाई अभियान चलाकर मार्ग को स्वच्छ कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।