किसानों को वितरित किया उड़द बीज, खरीफ फसलों की उन्नत तकनीकों की दी जानकारी
..
खरीफ वर्ष 2026 की बुवाई को ध्यानगत रखते हुए कृषि विभाग विदिशा द्वारा किसानों को उन्नत गुणवत्ता का उड़द बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देकर उत्पादन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के उपसंचालक श्री सचिन जैन ने बताया है कि ग्राम पीपलखेड़ा, भूतपरा सी, पोआनाला, कबूला एवं बागरी के किसानों को गुणवत्तायुक्त उड़द बीज का वितरण आज किया गया। बीज वितरण कार्यक्रम संबंधित कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं जनपद सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न कराया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों को समय पर उन्नत बीज उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई समय पर हो सके और उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। बीज वितरण का मुख्य उद्देश्य उड़द की उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि करना है।
इस अवसर पर कृषि अधिकारियों ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। किसानों को बुवाई से पूर्व बीजोपचार करने, अनुशंसित किस्मों का चयन करने, समय पर बुवाई करने तथा मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी गई। साथ ही खेतों में जल निकास की उचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों ने समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन (आईपीएम), खरपतवार नियंत्रण, मौसम आधारित कृषि सलाह का पालन तथा वैज्ञानिक खेती की आधुनिक पद्धतियों को अपनाने के लाभों से भी किसानों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन लागत कम होती है, फसल की गुणवत्ता बेहतर होती है और किसानों को अधिक लाभ प्राप्त होता है।
कृषि विभाग ने किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने तथा तकनीकी मार्गदर्शन के लिए अपने क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारियों से नियमित संपर्क बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कृषि विभाग द्वारा समय पर बीज उपलब्ध कराने और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए विभाग का आभार व्यक्त किया। किसानों का कहना था कि विभाग की इस पहल से खरीफ सीजन की बुवाई बेहतर ढंग से और समय पर संपन्न हो सकेगी, जिससे उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
#JansamparkMP #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 29, 2026