कलेक्टर ने ढाकनी के शासकीय माध्यमिक विद्यालय का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर नियमित अध्ययन करने की दी सीख
नीमच, 07 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रारंभ किए जा रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा तहसील के ग्राम ढाकनी स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता तथा विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों से गणित एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर उनकी विषयगत समझ एवं शैक्षणिक दक्षता का परीक्षण किया तथा बच्चों को नियमित अध्ययन एवं आत्मविश्वास के साथ सीखने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने विद्यालय में संचालित गतिविधि आधारित शिक्षण का अवलोकन किया और इसे प्रभावी शिक्षण का बेहतर माध्यम बताते हुए शिक्षकों को ऐसे नवाचारों को निरंतर बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा गणित के प्रश्नों का समाधान भी देखा और बच्चों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।उन्होंने दोनों कक्षाओं में बच्चों के साथ बेंच पर बैठकर शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जा रहे विषयों का अवलोकन किया तथा अध्यापन गुणवत्ता पर संतोष जाहिर किया।
विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था एवं उपलब्ध बेंचों की गुणवत्ता पर भी कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, एसडीएम सुश्री किरण आंजना, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा, जिला परियोजना समन्वयक श्री दिलीप व्यास सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ उपस्थित रहा।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#MukhymantriJanVishwasAbhiyan
#Neemuch
#नीमच
Neemuch, Madhya Pradesh | Aug 7, 2026