गौतम हत्याकांड : पिता ने पकड़ा हाथ,बेटे-भतीजे ने घेरा,समीर ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, चारों गिरफ्तार
शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के गौतम मौर्य हत्याकांड में पुलिस ने रविवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में बड़ा खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लियाकत अली, उसका बेटा तदीम और भतीजा राजा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक तीनों ने पूछताछ में हत्या की साजिश में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि गौतम को बातचीत के बहाने समीर दिलावरपुर नहर के पास लेकर आया था, जहां लियाकत, उसका बेटा तदीम और भतीजा राजा पहले से मौजूद थे। पुलिस के अनुसार गौतम के वहां पहुंचने पर उसे पकड़ लिया गया और समीर ने चाकू से हमला किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद समीर को मुख्य आरोपी दिखाने की योजना बनाई गई थी, ताकि बाकी लोग कार्रवाई से बच सकें। पुलिस ने तीनों को ददरौल जाने वाले मार्ग पर पेड़ों के नीचे से गिरफ्तार किया। मामले में पहले समीर को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।