जनपद चित्रकूट के थाना रैपुरा क्षेत्रांतर्गत रामनगर में हुई सड़क दुर्घटना के संबंध में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
दिनांक 09 नवंबर, 2026 को रात्रि लगभग 02:30 बजे थाना रैपुरा, तहसील मऊ क्षेत्रांतर्गत रामनगर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुई सड़क दुर्घटना के संबंध में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा घटना की परिस्थितियों एवं राहत-बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद रीवा (मध्य प्रदेश) के थाना चाकघाट अंतर्गत ग्राम डीही निवासी ज्ञानेंद्र सिंह पटेल पुत्र श्री सुरेंद्र सिंह पटेल अपने परिवार एवं अन्य लोगों सहित लगभग 20–25 व्यक्तियों के साथ निजी ट्रैक्टर-ट्रॉली से चित्रकूट में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रामनगर के समीप ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक (गुल्ला) निकल जाने के कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे उसमें सवार व्यक्ति ट्रॉली के नीचे दब गए।
दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही यूपी-112, थाना रैपुरा पुलिस तथा मेला ड्यूटी में तैनात क्षेत्राधिकारी राजापुर एवं थानाध्यक्ष रैपुरा द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामनगर पहुंचाया गया।
चिकित्सकों द्वारा 04 व्यक्तियों (02 पुरुष एवं 02 बच्चे) को मृत घोषित किया गया। दुर्घटना में कुल 12 व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनमें 07 गंभीर रूप से तथा 05 सामान्य रूप से घायल हैं। सभी 12 घायलों को आवश्यक प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर चिकित्सा एवं समुचित उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्र, प्रयागराज रेफर किया गया है।
वर्तमान में घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।