पंचायत समिति सदर मंडी के नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ
डेली हिमाचल न्यूज़ - मंडी : विकास खंड सदर के भ्यूली स्थित सभागार में पंचायत समिति (बीडीसी) सदर मंडी के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में पीठासीन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी (ना.) सदर रुपिंदर कौर ने पंचायत समिति के 26 नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में सदर मंडी के विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा तथा द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रुपिंदर कौर ने सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपने-अपने क्षेत्रों के समग्र विकास एवं जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि ग्रामीण विकास को नई गति देने तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान पंचायत समिति सदर मंडी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने नव-निर्वाचित सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था, विभागीय कार्यप्रणाली तथा उनके अधिकारों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में प्रशासन की ओर से सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके सफल, पारदर्शी और जनहितकारी कार्यकाल की कामना की गई।
Daily Himachal News Dhn24×7 Dhn24×7 Daily Himachal News