दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण चिन्हांकन व कृत्रिम अंग वितरण शिविर संपन्न
बड़वानी 24 जुलाई 2026/कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशानुसार आज दिनांक 24 जुलाई 2026 को सामाजिक न्याय विभाग एवं एलिम्को उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में एडीप योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों हेतु हाथ-पैर, कैलीपर्स, सहायक उपकरण चिन्हांकन तथा ऑन-द-स्पॉट कृत्रिम अंग वितरण हेतु एक दिवसीय निःशुल्क शिविर का सफल आयोजन आजीविका भवन राजपुर में किया गया।
शिविर का निरीक्षण राजपुर एसडीएम श्री कुमार शानू देवड़िया एवं डिप्टी कलेक्टर श्री आकाश यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद सीईओ श्री बी.एस. चौहान तथा सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक श्री रोनक सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस शिविर में केवल सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग ही प्रदान नहीं किए गए, बल्कि दिव्यांगजनों के दीर्घकालिक पुनर्वास और स्वावलंबन के लिए भी विशेष पहल की गई। इसी क्रम में इंदौर की संस्था 'डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन' की प्रतिनिधि सुश्री स्वाति गौर द्वारा शिविर में पहुंचे 9 दिव्यांगजनों का रोजगार (जॉब प्लेसमेंट) के लिए चयन किया गया। शिविर में जनसामान्य की भारी सहभागिता देखने को मिली, जहाँ कुल 290 लोगों का पंजीयन किया गया। इनमें से 79 दिव्यांगजनों और 11 वृद्धजनों को आवश्यक सहायक उपकरणों हेतु चिह्नित किया गया। साथ ही, मौके पर ही 34 मेडिकल सर्टिफिकेट और 63 यूडीआईडी कार्ड जारी या पंजीकृत किए गए। शिविर की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि यहाँ 14 दिव्यांगजनों को ऑन-द-स्पॉट कृत्रिम हाथ-पैर निर्मित कर वितरित किए गए, जिससे उन्हें तुरंत नया जीवन और संबल मिला। अगला शिविर 25 जुलाई को मांगलिक भवन टीकरी में आयोजित किया जाएगा।
#JansamparkMP
#Badwani
25 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 24, 2026