मुरैना में अवैध पटाखों पर पुलिस का एक्शन, ₹2.45 लाख की सामग्री जब्त, 2 आरोपी पकड़े
मुरैना। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण, बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने के लिए मुरैना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। 15 से 20 अक्टूबर 2026 तक जिले के जौरा और कैलारस थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 प्रकरण दर्ज किए और 2 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। इस दौरान करीब 2 लाख 45 हजार रुपये कीमत के अवैध पटाखे और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना जौरा क्षेत्र में एक प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। यहां से करीब 2 लाख 10 हजार रुपये कीमत के पटाखे और निर्माण सामग्री जब्त की गई। वहीं, थाना कैलारस क्षेत्र में एक अन्य प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 35 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई।
इस तरह दोनों थाना क्षेत्रों में कुल 2 प्रकरण दर्ज कर 2 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और करीब 2.45 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
मुरैना पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना वैध अनुमति के पटाखों का भंडारण और बिक्री न करें। पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक सामग्री का अवैध संग्रहण करने से भी बचें। यदि किसी क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण, निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी सूचनाओं पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।