बम्हौरी में 45 नेत्र रोगियों की जांच, 5 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चित्रकूट रवाना
बक्स्वाहा। ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को समय पर नेत्र जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बम्होरी में इस माह भी नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 45 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद 16 मरीजों को जरूरत के अनुसार चश्मे और दवाइयां वितरित की गईं। वहीं मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए 5 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चित्रकूट रवाना किया गया।
मोतियाबिंद मरीजों के उपचार और ऑपरेशन की व्यवस्था सदगुरु सेवा ट्रस्ट के माध्यम से की गई। ग्रामीण मरीजों को चित्रकूट भेजे जाने से उन परिवारों को राहत मिली, जिनके लिए दूर जाकर उपचार कराना कठिन होता है।
शिविर में डॉ. अरविन्द मिश्रा, ओंकार यादव एवं विजय पाण्डेय ने मरीजों की जांच कर उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया। शिविर संयोजक मनीष जैन ने कहा कि आर्थिक स्थिति या दूरी के कारण कोई जरूरतमंद नेत्र उपचार से वंचित न रहे, यही अभियान का उद्देश्य है। शिविर की व्यवस्थाओं में चन्द्र कुमार जैन, सुबोध जैन, किशोरी रजक, बसंत पटेल, सीताराम बिल्थरे, प्रतीक्षा मिश्रा एवं सिद्धि जैन का सहयोग रहा।