विश्व विख्यात देवधाम मालासेरी डूंगरी में भगवान श्री देवनारायण जी को चांदी का दूध टैंकर अर्पित
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक
मालासेरी डूंगरी-विश्व विख्यात देवधाम एवं भगवान श्री देवनारायण जी की पावन जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी में श्रद्धा एवं आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला। जोधडास गांव निवासी परम श्रद्धालु कल्याण गुर्जर ने अपनी मन्नत पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भगवान श्री देवनारायण जी के श्रीचरणों में चांदी से निर्मित दूध का टैंकर श्रद्धापूर्वक अर्पित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार सायंकाल भगवान श्री देवनारायण जी का रात्रि जागरण आयोजित किया गया। इसके उपरांत शनिवार प्रातः विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रसादी का भोग अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात विधि-विधान से चांदी का दूध टैंकर भगवान श्री देवनारायण जी को समर्पित किया गया।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देवधाम पहुंचकर भगवान श्री देवनारायण जी के दर्शन किए तथा प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी देवकरण पोसवाल, नारायण पोसवाल, रामलाल पोसवाल, पांचू पोसवाल, भालूराम पोसवाल एवं घीसू पोसवाल सहित अनेक देवभक्त उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
Bhilwara, Bhilwara | Jul 18, 2026