देवास। वन्यजीवों के लिए पसंद बन चुके नागदा क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की हलचल सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से इलाके में तेंदुए द्वारा गाय का शिकार किए जाने की सूचनाएं सामने आ रही थीं, वहीं अब तेंदुए की मूवमेंट का एक वीडियो भी सामने आया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह फुटेज शंकरगढ़ के बैक साइड स्थित काला पहाड़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। नागदा और शंकरगढ़ के बीच आने वाले इसी क्षेत्र से नागदमन नदी का उद्गम भी माना जाता है। वीडियो में तेंदुआ क्षेत्र में विचरण करता हुआ दिखाई दे रहा है।
हालांकि तेंदुआ नर है या मादा, उसकी उम्र कितनी है और वीडियो कब का है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि हेलो देवास नहीं करता है।
लोगों से अपील—इलाके में जाएं तो रहें बेहद सतर्क
तेंदुए की संभावित मौजूदगी को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों, राहगीरों और जंगल क्षेत्र में जाने वाले लोगों से अपील है कि अकेले सुनसान इलाकों में न जाएं, विशेषकर सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें।
वन विभाग भी रखे विशेष निगरानी
इस क्षेत्र में तेंदुए की लगातार संभावित गतिविधि को देखते हुए वन विभाग को भी इलाके में निगरानी बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर कैमरा ट्रैप व अन्य माध्यमों से तेंदुए की वास्तविक मूवमेंट की पुष्टि करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।
साथ ही वन्यजीव सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता जरूरी है। कुछ महीने पूर्वी यहां पर तेंदुए की मौत शिकारी के जाल में फंसने से हो गई थी इसलिए वन विभाग को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए ।
तेंदुआ जंगल का हिस्सा है, खतरा तभी बढ़ता है जब इंसान और वन्यजीव आमने-सामने आ जाएं। इसलिए सावधानी भी जरूरी है और वन्यजीवों की सुरक्षा भी।
डिस्क्लेमर: इस वीडियो में दिखाई दे रही तेंदुए की मूवमेंट और फुटेज की स्वतंत्र पुष्टि हेलो देवास द्वारा नहीं की गई है। वीडियो की लोकेशन, समय, तेंदुए की उम्र/लिंग अथवा अन्य विवरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं है। यह जानकारी उपलब्ध स्थानीय सूत्रों के आधार पर साझा की जा रही है। लोगों से अपील है कि वन्यजीव के करीब न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #leopard