मेडिकल की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दर्ज कराई तहरीर
संतकबीरनगर। मेडिकल एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर दुष्कर्म एवं हत्या का आरोप लगाया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, थाना धनघटा क्षेत्र के हैसर बाजार निवासी बिंदा देवी की पुत्री सोनम साहनी खलीलाबाद शहर के घोरखल मोहल्ले में किराये का कमरा लेकर मेडिकल एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि 1 अगस्त 2026 की रात सोनम के बगल के कमरे में रहने वाली प्रीति ने उसकी मां को फोन कर सूचना दी कि सोनम के साथ अन्नू अग्रहरि ने दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही परिजन तत्काल खलीलाबाद पहुंचे। उनका कहना है कि पता चला कि सोनम को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया था। जब परिजन जिला अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने सोनम को मृत अवस्था में देखा।
परिजनों ने अपनी तहरीर में अन्नू अग्रहरि एवं प्रीति पर घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए दोनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की वास्तविकता जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।