खेसर थाना का वार्षिक निरीक्षण, एसपी ने दिए सख्ती के निर्देश
बांका। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने शुक्रवार को खेसर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, सीसीटीएनएस कार्य, लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन सहित विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानाध्यक्ष को नियमित वाहन जांच और सघन गश्ती बढ़ाने के साथ अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा शराब, हथियार और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
एसपी ने लंबित कांडों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अनुसंधान में तेजी लाने, प्रत्येक कांड की नियमित समीक्षा करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
साथ ही आमलोगों से बेहतर संवाद स्थापित करने, शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान SDPO बेलहर, पुलिस निरीक्षक कटोरिया एवं खेसर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
#BiharPolice #BankaPolice #KhesarPolice #Banka #PoliceInspection
Amarpur, Banka | Aug 21, 2026