कानपुर में रेडियोलॉजी के छात्र ने गर्लफ्रेंड के सामने रविवार को सुसाइड कर लिया। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर से उसके पिता पहुंचे। उन्होंने कहा- बेटे की गर्लफ्रेंड ने 4 दिन पहले मुझे कॉल किया था। कह रही थी कि तुम्हारे बेटे की शक्ल अच्छी नहीं है, उससे बोलो मेरे सामने न आया करे।
पिता ने कहा- इसके बाद मैंने बेटे को कॉल करके कहा था कि कानपुर पढ़ाई करने के लिए भेजा है और तुम यह सब कर रहे हो। फिर अचानक बेटे के सुसाइड करने की सूचना मिली। पिता ने कहा- बेटे की गर्लफ्रेंड उसे परेशान और टॉर्चर कर रही थी। शव का पैनल से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की।उन्होंने गर्लफ्रेंड के खिलाफ रावतपुर थाने में शिकायत दी है।
पिता बोले- बेटे को रेडियोलॉजिस्ट बनने भेजा था, लाश लेकर जाऊंगा
पिता विजय कुमार शर्मा, चाचा संजीव कुमार समेत परिवार के अन्य लोग पोस्टमॉर्टम हाउस में मंगलवार को बेटे का शव देखते ही फफक पड़े। पिता ने कहा कि बेटे का कानपुर यूनिवर्सिटी में रेडियोलॉजी टेक्नीशियन बनाने के लिए एडमिशन कराया था। मुझे क्या पता था कि उसका शव लेकर घर लौटना पड़ेगा। इतना कहते ही वह फूट-फूटकर रोने लगे।
पिता ने कहा- बेटे की मौत के बाद मेरी पूरी दुनिया ही उजड़ गई है। इस गर्लफ्रेंड ने ही उसका जीवन तबाह किया, उसे सुसाइड करने पर मजबूर कर दिया। वह इस कदर मेरे बेटे पर हावी हो गई थी कि मुझे भी कॉल करके बेटे को उल्टा-सीधा बोलती थी। इसी बात से मेरा बेटा डिप्रेशन में चला गया और यह कदम उठाया।
घटना के बाद छात्रा भी हैलट में भर्ती
छात्र को फंदे से उतारकर हैलट अस्पताल ले जाने वाली छात्रा की भी घटना के बाद तबीयत बिगड़ गई। उसने सीने में दर्द और मानसिक परेशानी की शिकायत की। सोमवार को उसे हैलट के मानसिक रोग विभाग में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत पहले से सामान्य है।
Farrukhabad, Farrukhabad | Sep 16, 2026