केदारनाथ विधानसभा: नागजगई गांव की महिलाओं ने सुनाई बदहाल व्यवस्था की हकीकत!!
रुद्रप्रयाग। केदारघाटी के बसुकेदार क्षेत्र के नागजगई गांव में ग्रामीण लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं। करीब 300 परिवारों की आबादी वाले इस गांव में टूटी पुलिया और क्षतिग्रस्त रास्ते के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि गांव में बीते कई वर्षों से विकास कार्यों की कमी बनी हुई है। उन्होंने सड़क, रास्ते और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं सामने रखीं। महिलाओं ने बताया कि रोजमर्रा के कामों के लिए उन्हें इन्हीं खराब रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी समस्याओं की ओर जिम्मेदार विभाग और प्रशासन पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। महिलाओं ने सरकार और प्रशासन से गांव की समस्याओं का जल्द समाधान करने तथा क्षतिग्रस्त पुलिया और रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की है।
नागजगई गांव की महिलाओं की आवाज़ अब सवाल कर रही है—आखिर गांव की बुनियादी समस्याओं का समाधान कब होगा?