बेगूसराय में दूसरी बार निकलेगी भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना
बेगूसराय, 1 जून 2026। हरे कृष्ण सेंटर, बेगूसराय द्वारा आयोजित होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा के संबंध में सोमवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में रथयात्रा की तैयारियों, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा आयोजन के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।
आयोजकों ने बताया कि बेगूसराय में भगवान श्री जगन्नाथ की यह रथयात्रा लगातार दूसरी बार आयोजित की जा रही है। पिछले वर्ष श्रद्धालुओं के उत्साहपूर्ण सहयोग और अभूतपूर्व सहभागिता को देखते हुए इस वर्ष भी रथयात्रा को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। यह महोत्सव *19 जुलाई 2026 (रविवार) को परम पूज्य भक्ति प्रमोद भागवत स्वामी महाराज जी* के दिव्य आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न होगा।
रथयात्रा का शुभारंभ सरयू सदन (काली मंदिर) से होगा। वहां से भव्य रथ डाकबंगला रोड एवं मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए जी.डी. कॉलेज तक पहुंचेगा। रथयात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी के दिव्य विग्रहों का दर्शन श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। संपूर्ण यात्रा में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, नृत्य एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरे नगर में भक्ति एवं उत्साह का वातावरण निर्मित होगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ईश्वर नाम दास एवं रक्षक गिरिधारी दास ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारत की प्राचीन एवं विश्वप्रसिद्ध आध्यात्मिक परंपराओं में से एक है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, सेवा और भक्ति का ऐसा महापर्व है, जो समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा प्राप्त करने का यह एक दुर्लभ अवसर है और सभी नागरिकों को इस दिव्य उत्सव में सम्मिलित होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करना चाहिए।
आयोजन समिति ने बताया कि रथयात्रा को सफल एवं भव्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। इस वर्ष हजारों श्रद्धालुओं के रथयात्रा में सम्मिलित होने की संभावना है।
प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन समिति के सदस्य संजय हिसारिया, कनिष्क हिसारिया, कमल मंगोटिया, मोहित, राजकमल, दीपेश, अच्युत एवं अभिषेक सहित अन्य भक्तगण उपस्थित रहे। सभी ने बेगूसराय एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अपने परिवार एवं मित्रों के साथ इस दिव्य रथयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करें।
जारीकर्ता:
हरे कृष्ण सेंटर, बेगूसराय
डॉ. एम. एन. रॉय गली, ऊषा अल्ट्रासाउंड के निकट, बेगूसराय
मो.: 7004547765, 8210894719
Bihar, India | Jun 2, 2026