इस्लामपुर नाम बदलने के विरोध में उग्र प्रदर्शन, गुढ़ा की बिगड़ी तबीयत
झुंझुनूं में इस्लामपुर गांव का नाम बदलने के विरोध में पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ग्रामीणों के साथ 22 किलोमीटर पैदल मार्च में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान भीषण गर्मी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने पानी छिड़ककर और तौलिये से हवा कर उन्हें संभाला। गुढ़ा ने अस्पताल जाने से इनकार करते हुए कहा कि जब उनके साथी 45 डिग्री तापमान में धूप में बैठे हैं तो वे छांव में नहीं जा सकते।
इस दौरान गुढ़ा ने गांव का नाम बदलने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि अगर नाम बदला गया तो जनता भी जवाब देगी। उन्होंने शेखावाटी की सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सभी समुदाय वर्षों से साथ रहते आए हैं।
बता दें कि विधायक राजेंद्र भांबू द्वारा इस्लामपुर का नाम बदलकर 'श्रीरामपुर' करने की सिफारिश के बाद यह विवाद शुरू हुआ। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर प्रशासन ने रिपोर्ट मांगी, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।,
Girwa, Udaipur | Jun 15, 2026