खेल एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, बांका के संयुक्त तत्वाधान में आज आर०एम० के० इन्टर स्कूल के ऐतिहासिक खेल मैदान पर जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य और रंगारंग शुभारंभ किया गया। इस खेल महाकुंभ का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा पारंपरिक रूप से खेल मशाल प्रज्वलित कर किया गया।
हरिमोहरा उच्च विद्यालय के बैंड, NCC परेड और प्रखण्डवार मार्च पास्ट से समारोह की शुरूआत :-
शुरूआत में हरिमोहरा उच्च विद्यालय की बैंड पार्टी ने अपनी सुरीली और अनुशासित धुनों से मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी का भव्य स्वागत किया। इसके बाद NCC कैडेट्स के नेतृत्व में एक शानदार परेड निकाली गई। अनुशासन और गौरव के इस अद्भुत प्रदर्शन में बांका जिले के सभी प्रखण्डों से आए स्कूली बच्चों ने प्रखण्डवार मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।
योग से गणेश वंदना और राष्ट्रीय खिलाड़ी द्वारा खेल शपथ इस बार उद्घाटन समारोह की शुरूआत बेहद अनूठे अंदाज में हुई, जहाँ बच्चों ने योगासनों की विभिन्न मुद्राओं के माध्यम से भव्य गणेश वंदना प्रस्तुत की। योग और कला के इस अद्भुत समन्वय ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद प्रतियोगिता में शामिल हो रहे सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने के लिए एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी (National Player) द्वारा मंच से शपथ दिलाई गई।
छात्राओं के नृत्य प्रदर्शन ने मोहा मन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में आर०एम० के० स्कूल और हरिमोहरा हाई स्कूल की छात्राओं (Girls Students) द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए गए। अपनी शानदार लोक और शास्त्रीय नृत्य कला से छात्राओं ने उपस्थित जनसमूह और अधिकारियों का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि योग, मार्च पास्ट और छात्राओं की यह प्रस्तुति बांका की समृद्ध प्रतिभा को दर्शाती है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और देश-दुनिया में बांका का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
100 मीटर (U-19) एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स के अन्तर्गत 100 मीटर (U-19) वर्ग की दौड़ मुख्य आकर्षण रही। जिले भर के प्रखण्डों से आए सर्वश्रेष्ठ धावकों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
जिला पदाधिकारी ने विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित :- स्पर्धा ने समापन पर जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा 100 मीटर (U-19) रेस में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित खिलाड़ियों को मंच पर मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी, आर०एम० के० इन्टर स्कूल एवं हरिमोहरा हाई स्कूल के प्राचार्य, विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक शिक्षक, खेल कोच, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण सहित भारी संख्या में खेलप्रेमी और छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
Banka, Bihar | Oct 6, 2026