तेज धूप के बाद बदला मौसम, बारिश से मिली राहत, लेकिन खुली शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल
जहानाबाद
सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू हो गई। कुछ देर की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई।
बारिश के बाद मुख्य सड़कों और कई गली-मोहल्लों में जलजमाव हो गया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार शाम के बाद लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है।
हालांकि, बारिश इतनी नहीं हुई कि किसानों को इसका विशेष लाभ मिल सके। फिर भी आसमान में छाए बादल और बारिश की संभावना ने किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कम बारिश में ही सड़कों और मोहल्लों में पानी भर जाना शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
क्या आपके इलाके में भी जलजमाव हुआ? कमेंट में अपनी राय जरूर बताएं।