मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा ने नागरिक चिकित्सालय भरमौर का किया निरीक्षण
चंबा, 12 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा, डॉ. जालम भारद्वाज ने आज नागरिक चिकित्सालय भरमौर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय के ओपीडी, वार्डों, प्रसूति कक्ष, दवा भंडार तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. भारद्वाज ने अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया तथा उनके स्वास्थ्य, उपचार और चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से फीडबैक लेते हुए आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों तथा अन्य कर्मचारियों द्वारा दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्र में समर्पित भाव से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाएं प्रशंसनीय हैं और इसी समर्पण से आम जनता का स्वास्थ्य विभाग पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर डॉ. दीपेश बराल सहित चिकित्सालय का समस्त चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई।
Chamba, Chamba | Jul 12, 2026