चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार से किसान मोर्चा के नीति अनुसंधान प्रदेश संयोजक एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रवीण पांडे और स्थानीय किसान बहादुर सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जिलाधिकारी ने बहादुर सिंह द्वारा घास से बनाई गई झाडुओं की कारीगरी की सराहना की। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उनके द्वारा उगाई जाने वाली दलहनी फसलों और लाल चावल की भी प्रशंसा की। प्रवीण पांडे ने भेंट के दौरान बहादुर सिंह और अन्य प्रगतिशील किसानों की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान की रोकथाम के लिए खेतों की घेरबाड़ कराने की मांग रखी। खेतों की घेरबाड़ से जंगली जानवरों का खेतों में प्रवेश रोकने और खड़ी फसलों को नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।
Champawat, Champawat | Nov 13, 2026