चित्रकूट धाम में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल, घायल संत को निजी प्रयासों से पहुंचाया गया अस्पताल
चित्रकूट। पूर्व में घटी एक घटना ने चित्रकूट धाम में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, कामतानाथ मंदिर पहुंच मार्ग पर एक वृद्ध संत सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। घटना के बाद तत्काल एम्बुलेंस सेवा के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उस समय चित्रकूट धाम में कोई एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिली।
ऐसी स्थिति में टीम श्री कामतानाथ जी चित्रकूट ने मानवीय दायित्व निभाते हुए घायल संत को तत्काल निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया तथा उनके प्रारंभिक उपचार की व्यवस्था कराने में सहयोग किया। बताया गया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और संतों के लिए अपेक्षित आपातकालीन सहायता समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी।
यह घटना इस ओर संकेत करती है कि देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र चित्रकूट धाम में स्वास्थ्य सेवाओं, एम्बुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता और त्वरित आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है। विशेषकर धार्मिक आयोजनों के दौरान तथा सामान्य दिनों में भी ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होना आवश्यक है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में घायल या बीमार व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।
(नोट: संबंधित प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)