शक्तिफार्म क्षेत्र में रेक्सलर अन्नपूर्णा एनजीओ के माध्यम से अन्नपूर्णा योजना के तहत राशन वितरण की पहल सामने आई है। इस दौरान दर्जनों लाभार्थी मौजूद रहे। लाभार्थियों ने योजना से जुड़ी प्रक्रिया और मिलने वाले राशन के बारे में जानकारी साझा की।
शक्तिफार्म में रेक्सलर अन्नपूर्णा एनजीओ के माध्यम से राशन वितरण किया गया। मौके पर मौजूद लाभार्थियों ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए सबसे पहले एक फॉर्म भरना होता है, जिसके लिए एक बार 850 रुपये जमा किए जाते हैं।
लाभार्थियों के अनुसार, रकम जमा करने के एक से दो महीने बाद राशन कार्ड बन जाता है। इसके बाद एक बार राशन मिलने पर अगले 11 महीने तक मुफ्त राशन दिया जाता है। लाभार्थियों ने बताया कि राशन में रसोई में प्रतिदिन इस्तेमाल होने वाली ब्रांडेड खाद्य सामग्री शामिल होती है, जिसकी कीमत उनके अनुसार 400 रुपये से अधिक है।
वहीं, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, संबंधित एनजीओ के पास सेक्शन-8 के तहत पंजीकरण, पैन कार्ड और मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स से संबंधित प्रमाणपत्र उपलब्ध बताए गए हैं।
फिलहाल, योजना की पात्रता, 850 रुपये की राशि और 11 महीने तक मुफ्त राशन मिलने से जुड़ी शर्तों की स्वतंत्र पुष्टि किया जाना बाकी है।