औरंगाबाद : SH-101 पर बड़ा हादसा, जोगरी के पास ध्वस्त रेलिंग वाले पुल से नीचे गिरी ई-रिक्शा; जिउतिया बाजार कर लौट रही 6 महिलाएं-बच्चे घायल
औरंगाबाद जिला के सलैया थाना क्षेत्र के खिरियावां मोड़ से कासमा जाने वाली स्टेट हाईवे 101 पर शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। जोगरी गांव के पास मदार नदी पुल से सवारी भरी ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर नदी में गिर कर पलट गई।बताया जाता है कि ई-रिक्शा में सवार सभी लोग जिउतिया पर्व को लेकर बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। जोगरी पुल पर, जिसकी रेलिंग वर्षों से ध्वस्त है, चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी छोड़ कूद कर भाग गया।
हादसे में इटकोहिया गांव निवासी शनोज पासवान की पत्नी जयंती देवी (35), पुत्र आयुष कुमार (12), ललन पासवान की पत्नी मीना देवी (60), जई बिगहा गांव निवासी संजय चौहान की पत्नी सोनिया देवी (30), शिवकुमार चौहान की पत्नी सुनीता देवी (30) एवं पुत्री प्रियंका कुमारी (13) घायल हो गईं।
ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना देकर सभी को नदी से बाहर निकाला और मदनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सोनिया देवी की हालत गंभीर देख डॉ. जितेंद्र कुमार ने रेफर कर दिया।ग्रामीणों ने बताया कि पुल की रेलिंग वर्षो से टूटी है, शिकायत के बाद भी रेलिंग का निर्माण नहीं हो पाया है आए दिन यहां हमेशा हादसा होते रहता है इस संबंध में सलैया थाना के एसएचओ कन्हैया शर्मा ने बताया कि घटना हुआ सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है घटना की जांच की जा रही है।