समाहरणालय पूर्णिया,
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:-810,
दिनांक 20/06/2026,
===================
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त का सफल वितरण:-- पूर्णिया जिले के 1.92 लाख से अधिक किसानों को मिला लाभ।
भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त का वितरण शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से माननीय प्रधानमंत्री के कर-कमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पूर्णिया जिले के कुल 1,92,631 लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में लगभग ₹38.53 करोड़ की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर पूर्णिया जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कृषि प्रसार प्रशिक्षण केंद्र भवन, खुश्कीबाग, पूर्णिया में किया गया।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के संबोधन एवं किस्त वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कुल 218 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
साथ ही किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती, जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों तथा कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक एवं नवीन तकनीकों के संबंध में भी जागरूक किया गया।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी 14 प्रखंडों में किया गया।
प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में कुल 1,385 किसानों ने सहभागिता की, जिनमें 1,146 पुरुष एवं 239 महिला किसान शामिल थे।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी पंचायतों में कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों एवं वी.एन.ओ. के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 7,338 किसानों ने भाग लिया। इनमें 5,277 पुरुष एवं 2,061 महिला किसान शामिल थे।
जिला कृषि विभाग द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय में वृद्धि एवं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
योजना के अंतर्गत किसानों को प्रतिवर्ष ₹6,000 की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाती है। जिससे कृषि कार्यों एवं अन्य आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में सहायता मिलती है।
जिले भर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई तथा आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Purnia, Bihar | Jun 20, 2026