हिम दृष्टि न्यूज़
ए.डी. हिमाचली ब्यूरो,
दिनांक: 23 जुलाई 2026
दो बार नियुक्ति आदेश जारी होने के बावजूद मेहला स्कूल में बी.एससी. नॉन मेडिकल का पद अब भी रिक्त
चंबा। विकास खंड मेहला के राजकीय माध्यमिक पाठशाला भटवाड़ा में बी.एससी. (नॉन मेडिकल) शिक्षक का पद लंबे समय से रिक्त रहने का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत भटवाड़ा के उपप्रधान रामशरण ठाकुर ने मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन भेजकर शीघ्र स्थायी नियुक्ति की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा पहले 10 जुलाई 2026 को उक्त विद्यालय के लिए एक शिक्षक की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन बाद में प्रशासनिक कारणों से उन आदेशों में संशोधन कर दिया गया। इसके बाद 20 जुलाई 2026 को पुनः दूसरे शिक्षक की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए, किंतु इसके बावजूद विद्यालय में बी.एससी. (नॉन मेडिकल) का पद अभी तक खाली है।
उपप्रधान रामशरण ठाकुर का कहना है कि विज्ञान शिक्षक के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में शीघ्र नियमित शिक्षक की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय लोगों ने भी सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय में लंबे समय से रिक्त पड़े पद को जल्द भरा जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और उनकी पढ़ाई बाधित न हो।
Chamba, Chamba | Jul 23, 2026