मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भोपाल में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित
अनोखा तीर, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित किया।
कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक गौरव और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं तथा सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प देश के 140 करोड़ नागरिकों का सामूहिक अभियान है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ा है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Jun 13, 2026