*सफेद कपड़ों में सही मायनों में संत थे भारत रत्न स्व. गुलजारी लाल नंदा : अशोक अरोड़ा*
बोले, कुरुक्षेत्र के विकास में नंदा जी के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता, ब्रह्मसरोवर का भव्य स्वरूप नंदा जी की देन
कुरुक्षेत्र, 4 जुलाई (नीतू चौहान)।
थानेसर के विधायक एवं हरियाणा के पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. गुलजारी लाल नंदा के जन्मदिन पर सदाचार स्थल पर जाकर नंदा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके नमन किया। इस अवसर पर उनके साथ नगर पार्षद मनु जैन, सुभाष मिर्जापुर, विवेक भारद्वाज डब्बू, पूर्व पार्षद गौरव शर्मा गौरी तथा पूर्व पार्षद ओमप्रकाश ओपी ने भी नंदा जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
स्व. नंदा जी को शत् शत् नमन करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि भारत रत्न स्व. गुलजारी लाल नंदा सफेद कपड़ों में सही मायनों में संत थे। राजनीति में आने के पश्चात जहां राजनीतिक जिम्मेवारियों को निभाया, वहीं उनका धर्म के प्रति गहरा लगाव था। कुरुक्षेत्र के विकास के लिए जो कार्य उन्होंने किया, उसके लिए कुरुक्षेत्र की जनता उनकी हमेशा ऋणी रहेगी। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की स्थापना करवाकर नंदा जी ने विश्व प्रसिद्ध कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर को भव्य रूप दिया। जो कि पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। उन्होंने कुरुक्षेत्र के विकास की जो नींव रखी, सभी सरकारों ने नंदा जी के कार्य को आगे बढाया। हम सभी को प्रण लेना चाहिए कि नंदा जी ने विकास की जो नींव रखी थी, उसको मिलजुकर आगे बढाएं। अरोड़ा ने कहा कि आज श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय भी नंदा जी की देन है। उन्होंने कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण आयुर्वेदिक कालेज शुरू किया, जिसका बाद में हरियाणा सरकार ने अधिग्रहण किया और आज वह महाविद्यालय आयुष विश्वविद्यालय का रूप ले चुका है। देश के प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने जो कार्य किए, हम सब को संकल्प लेना चाहिए कि नंदा जी के पदचिन्हों पर चलकर उनके कार्यों को आगे बढाएं।
पूर्व मंत्री अरोड़ा ने स्व नंदा जी के जन्मदिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सौजन्य से लगाए गए रक्तदान शिविर की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्त की एक बूंद आदमी का जीवन बचा सकती है। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वालों को शुभकामनाएं दी।
फोटो संख्या 1 व 2- भारत रत्न स्व. गुलजारी लाल नंदा के जन्मदिवस पर नमन करते हुए पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा