पितृपक्ष मेला को लेकर नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जिलाधिकारी ने की ब्रीफिंग*
गया, 22 सितंबर 2026, पितृपक्ष मेला 2026 के अवसर पर देश-विदेश से गया आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर, सुगम एवं त्वरित सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, गया डॉ. शशांक शुभंकर ने समाहरणालय सभागार में संवाद सदन, विष्णुपद एवं नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ ब्रीफिंग बैठक की। बैठक में नियंत्रण कक्ष के सुचारू संचालन, प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित निष्पादन तथा मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि नियंत्रण कक्ष में तीर्थयात्रियों, श्रद्धालुओं एवं आम लोगों से प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत एवं सुझाव को निर्धारित रजिस्टर में व्यवस्थित एवं स्पष्ट रूप से संधारित किया जाए। शिकायत प्राप्त होने के समय, शिकायत का विषय, संबंधित विभाग तथा उसके निष्पादन की स्थिति का भी समुचित उल्लेख सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी शिकायत की मॉनिटरिंग में कठिनाई नहीं हो।
उन्होंने विशेष रूप से रात्रि पाली में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेला अवधि में नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय भूमिका में रहेगा, इसलिए सभी शिफ्ट में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
जिला पदाधिकारी ने नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों की दैनिक कंपाइल रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों की संख्या, शिकायत का प्रकार, संबंधित विभाग, की गई कार्रवाई एवं निष्पादन की स्थिति का संकलन किया जाए। साथ ही ऐसी शिकायतें, जो बार-बार प्राप्त हो रही हैं, उनकी अलग सूची तैयार कर प्रतिदिन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि बार-बार आने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेला अवधि में नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। तीर्थयात्रियों की सुविधा से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने को कहा गया।
*धावा दल द्वारा मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं की होगी सतत निगरानी*
जिला पदाधिकारी ने बताया कि पितृपक्ष मेला के दौरान विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी के लिए धावा दल का गठन किया गया है। धावा दल द्वारा मेला क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण किया जाएगा।
धावा दल के पदाधिकारी एवं कर्मी विभिन्न मेला क्षेत्रों में सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, शौचालय, श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति की भी जांच की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धावा दल द्वारा निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों एवं समस्याओं की सूचना संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी तथा आवश्यकतानुसार उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराया जाएगा।
*सेवा भाव एवं समर्पण के साथ कार्य करने का निर्देश*
जिला पदाधिकारी ने बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि पितृपक्ष मेला अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आस्था से जुड़ा आयोजन है। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री गया पहुंचते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन के प्रत्येक पदाधिकारी एवं कर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी को पूरी सेवा भावना, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि मेला अवधि के दौरान गया आने वाले किसी भी तीर्थयात्री को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उनका त्वरित समाधान किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पितृपक्ष मेला के सफल आयोजन में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सहभागिता अपेक्षित है। नियंत्रण कक्ष, मेला क्षेत्र एवं विभिन्न प्रतिनियुक्ति स्थलों पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मी सजग एवं सक्रिय रहकर कार्य करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था, सुगम आवागमन एवं सुरक्षित एवं सुविधाजनक तीर्थयात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके। #bdbiharjharkhand #पितृपक्ष #gayaji