फुलवरिया सड़क, बिजली संकट और अधूरे भवन निर्माण पर अधिकारियों से जवाब-तलब
किशनगंज जिले के जिला परिषद सभागार भवन में जिला परिषद अध्यक्षा रुकीया बैगन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में सभी जिला परिषद सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान जिले के विकास कार्यों और जनसमस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र संख्या-1 की जिला परिषद सदस्य इमरत आरा ने क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रखंड में व्याप्त बिजली की लचर व्यवस्था, हाई स्कूल टेढ़ागाछ के वर्षों से अधूरे पड़े भवन निर्माण, अर्धनिर्मित इंडोर स्टेडियम तथा फुलवरिया बाजार की जर्जर मुख्य सड़क की समस्या को अधिकारियों के समक्ष रखा।
इमरत आरा ने बताया कि हाई स्कूल टेढ़ागाछ का भवन कई वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिससे छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया इंडोर स्टेडियम भी आज तक पूरा नहीं हो सका है।
इसके अलावा फुलवरिया बाजार की मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हल्की बारिश होने पर सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। साथ ही प्रखंड में लगातार खराब बिजली व्यवस्था से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत कराते हुए जिला परिषद सदस्य ने शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। अधिकारियों ने भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।