*सामान्य भविष्य निधि का वार्षिक लेखा विवरण ऑनलाइन उपलब्ध*
*मध्यप्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी घर बैठे देख सकेंगे जीपीएफ स्टेटमेंट, ऑनलाइन शिकायत निवारण की भी सुविधा*
मुरैना/कार्यालय महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), मध्यप्रदेश, ग्वालियर ने राज्य के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खातों का वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक लेखा विवरण अपनी वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया है। इससे अभिदाता अब घर बैठे अपने जीपीएफ खाते का वार्षिक विवरण देख एवं डाउनलोड कर सकेंगे।
कार्यालय महालेखाकार के अनुसार अभिदाता www.agmp.nic.in पर जाकर अपनी संबंधित सीरीज, सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) लेखा क्रमांक तथा पासवर्ड दर्ज कर वार्षिक लेखा विवरण प्राप्त कर सकते हैं। यदि वार्षिक लेखा विवरण में किसी प्रकार की विसंगति अथवा त्रुटि पाई जाती है, तो उसके ऑनलाइन सुधार के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध Accountant General (A&E) के अंतर्गत ऑनलाइन सर्विस में जाकर Register Grievances (एजी) विकल्प के माध्यम से शिकायत दर्ज की जा सकती है। कार्यालय द्वारा इन शिकायतों का निराकरण महालेखाकार की निगरानी में सामान्यतः एक माह के भीतर किया जाता है।
सामान्य भविष्य निधि से संबंधित अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (एफएक्यू), विभिन्न आवेदन प्रारूप तथा अन्य आवश्यक प्रपत्र भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, जिससे अभिदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं एक ही मंच पर प्राप्त हो सकें। अभिदाता अपनी शिकायत दूरभाष 0751-2432457 तथा व्हाट्सएप नंबर +91-8827409410 पर भी दर्ज करा सकते हैं।