लायन न्यूज़ अनूपगढ़
दीपक अग्रवाल
शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी भीषण आग, बेटियों की शादी के लिए जुटाया सामान और 2 लाख रुपए राख,
गरीब टेंपो चालक के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सोने-चांदी के गहने भी जले,
भामाशाह मोहित छाबड़ा और भारत विकास परिषद ने मदद का भरोसा दिया
अनूपगढ़ शहर के वार्ड नंबर 09 में शनिवार को शॉर्ट सर्किट से चंदूराम मेघवाल के मकान में भीषण आग लग गई। आग में घर का सामान, बेटियों की शादी के लिए जुटाया गया दहेज का सामान, करीब 2 लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के गहने जलकर राख हो गए। घटना से गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार अपनी बेटी के लिए रिश्ता तलाश रहा था और शादी के लिए धीरे-धीरे सामान जुटा रहा था, लेकिन आग ने उसकी वर्षों की मेहनत को पलभर में तबाह कर दिया।
घर पर कोई नहीं था, पीछे से लगी आग
जानकारी के अनुसार चंदूराम मेघवाल टेंपो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के समय वह रोजी-रोटी कमाने के लिए बाजार गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेत में नरमा चुगने गई थीं। इसी दौरान घर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर मोहल्लेवासियों ने परिजनों को सूचना दी।
परिजनों ने बताया कि घर में बेटियों की शादी के लिए दहेज का सामान, नकदी और गहने रखे हुए थे। परिवार बेटी के रिश्ते की तलाश भी कर रहा था। शादी की तैयारी के लिए जुटाया गया सामान आग की भेंट चढ़ने से परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आग में घर का अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग की सूचना मिलने पर दमकल मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान नगरपालिका के पानी के टैंकर की मदद भी ली गई। घटना के बाद मकान में रखा सामान जलकर राख हो गया और परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
वार्ड पार्षद और भामाशाह पहुंचे, मदद का दिया भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद बग्गा सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की व्यवस्था संभाली और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। नगरपालिका अध्यक्ष को सूचना दिए जाने के बाद भामाशाह मोहित छाबड़ा भी अध्यक्ष प्रतिनिधि के रूप में मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और परिवार को छह चारपाई, बिस्तर तथा आर्थिक सहायता दी।
वहीं, भारत विकास परिषद के प्रदेश सचिव राजेंद्र गौड़ उर्फ राजू ने पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि परिवार बच्चियों के रिश्ते तय करे, घरेलू सामान उपलब्ध करवाने के साथ शादी में भी पूरा सहयोग किया जाएगा।
आग की घटना ने परिवार की आर्थिक स्थिति को गहरा नुकसान पहुंचाया है। जिस सामान को बेटियों के विवाह के लिए वर्षों से सहेजकर रखा था, वह सब जलकर नष्ट हो गया। अब पीड़ित परिवार को दोबारा गृहस्थी बसाने और बेटियों की शादी की तैयारियां करने के लिए समाज के सहयोग की जरूरत है।