राँची में हुड़दंगियों पर पुलिस का फिर कड़ा एक्शन: सड़कों पर शराब पीने वालों के खिलाफ और करीब एक दर्जन बार और पब में भी देर रात छापेमारी
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शनिवार की देर रात शहर में एक व्यापक अभियान चलाया गया।सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से शराब दुकानों के बाहर जमावड़ा लगाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले पब-बार संचालकों में हड़कंप मच गया है।दरअसल,पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि शराब दुकानों के बाहर और सार्वजनिक स्थलों पर लोग गाड़ियां खड़ी कर शराब पीते हैं, जिससे आम जनता और खासकर महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सिटी एसपी पारस राणा खुद इस अभियान की कमान संभाल रहे थे।पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख इलाकों में स्थित शराब दुकानों के बाहर औचक छापेमारी की। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस ने साफ किया कि सड़कों को मयखाना बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं,सड़कों पर अभियान चलाने के साथ-साथ राँची पुलिस की नजर शहर के नाइटलाइफ हब पर भी थी।शनिवार की देर रात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने राँची के आठ प्रमुख पब और बार में एक साथ छापेमारी की।
Namkum, Ranchi | Jul 4, 2026