*2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पर होगा खेग्रामस का धरना-प्रदर्शन*
ताजपुर, 29 सितंबर 2026
अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के बैनर तले आगामी 2 अक्टूबर को ताजपुर प्रखंड के फतेहपुर पंचायत भवन पर ग्रामीण गरीबों की विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता एवं भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचलाधिकारी (सीओ) को लिखित सूचना दी।
जारी जानकारी के अनुसार धरना-प्रदर्शन में भूमिहीनों को जमीन का पर्चा देने, सरकारी जमीन पर बसे परिवारों को कानूनी अधिकार दिलाने, जीरामजी योजना के तहत काम उपलब्ध कराने, मजदूरों को नियमित रोजगार देने तथा काम का उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित करने समेत अन्य मांगों को उठाया जाएगा।
कार्यक्रम की सफलता को लेकर आयोजित बैठक में ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रमोद साह, राजेंद्र साह, संजीव राय, राजेश कुमार, सुनीता देवी, संजय कुमार सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। बैठक की अध्यक्षता खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने की, जबकि संचालन भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने प्रखंड के भूमिहीनों, सरकारी जमीन पर बसे परिवारों, पर्चाधारियों एवं ग्रामीण मजदूरों से बड़ी संख्या में 2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की। उनका कहना था कि ग्रामीण गरीबों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संगठित संघर्ष जरूरी है।